कन्नौज में रिटायर इंस्पेक्टर के मकान में बदमाशों का धावा, एक गिरफ्तार?

0
1250

कन्नौज 5 दिसबर (सुरजीत सिंह कुशवाहा) परिवार के साथ शादी समारोह में गए रिटायर इंस्पेक्टर के मकान में करीब आधा दर्जन बदमाशों ने धावा बोल चोरी का दुस्साहस किया। ग्रामीणों की सजगता पर पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश भाग निकले। एक बदमाश को पुलिस टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया बदमाश क्षेत्र का ही रहने वाला है। पुलिस उसके साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।

जनपद के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र निवासी बादाम सिंह मध्य प्रदेश पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। रिटायरमेंट के बाद से बादाम सिंह परिवार के साथ इंदरगढ़ स्थित सौरिख रोड पर रहते हैं। रिश्तेदार के घर शादी समारोह की वजह से पूरा परिवार समारोह में चला गया था। शुक्रवार देर रात करीब आधा दर्जन बदमाशों ने बादाम सिंह के घर धावा बोल चोरी का दुस्साहस किया। पड़ोसियों ने शक होने पर मोबाइल के जरिए सूचना बादाम सिंह को दी। बादाम सिंह ने इंदरगढ़ पुलिस को खबर दी। पुलिस ने रात में ही मकान की घेराबंदी की तो बदमाश भागने लगे। करीब पांच बदमाश बाउंड्री फांदकर भाग निकले। एक बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पकड़ा गया शातिर इंदरगढ़ निवासी लटूरी का लड़का राजू है। राजू ने अपने गिरोह के अन्य चोरों के नाम पुलिस को बताए। राजू से मिली जानकारी पर पुलिस ने कई चोरों की तलाश में दबिश दी लेकिन वह नहीं मिले।