कुंभः नासिक और त्रयंबकेश्वर में दूसरा शाही स्नान आज

0
1495

48941422

Posted By Sagar Chanana

नासिक कुंभ में आज 13 सितंबर को सुबह से ही दूसरा शाही स्नान हो रहा है।

निरंजनी अखाड़ा और जूना अखाड़ा समेत अब तक सात अखाड़े स्नान कर चुके हैं। अखाड़ों का शाही स्नान खत्म होने के बाद आम लोग आस्था की डुबकी लगा पाएंगे। त्रयंबकेश्वर में शाही स्नान की शुरुआत सुबह 4 बजे हुई जबकि नासिक में सुबह 6 बजे। कुंभ मेले के दौरान गोदावरी तट पर होने वाले दूसरे शाही स्नान के लिए नाशिक शहर और त्रयंबकेश्वर पूरी तरह से तैयार है। सुबह तपोभवन से रामकुंड तक शाही यात्रा निकली जिसमें हजारों की संख्या में महंत, तीनों वैष्णव अखाड़ों. निर्मोही, निर्वाणी और दिगंबर के संत शामिल हुए। दूसरी ओर त्रयंबकेश्वर में 10 शैव अखाड़ों के संतों ने भी ऐसी ही यात्रा निकाली।

अखाड़ों के स्नान के बाद लाखों श्रद्धालुओं को स्नान करने की अनुमति दी जाएगी, जो देर रात तक चलेगा। सिंहस्थ कुंभ में दूसरा शाही स्नान में भीड़ को देखते हुए नाशिक प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। नाशिक और त्रयंबकेश्वर दोनों जगहों पर रैपिड ऐक्शन फोर्स, क्विक रेस्पांस टीम और राज्य रिजर्व पुलिस फोर्स के जवान तैनात किए गए हैं। दूसरे शाही स्नान के दिन यानी आज रविवार को गुरु, सूर्य और चंद्रमा तीनों ग्रह सिंह राशि में आ रहे हैं और शनिवार को अमावस्या भी थी।

पुराणों के अनुसार ऐसा माना जाता है इसी मुहूर्त में अमृत की बूंद कुशावत कुंड में गिरी थी। अत: इसे बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है

पहला शाही स्नान 29 अगस्त को था। इस स्नान के दौरान सुरक्षा संबंधी कड़ाई और प्रशासन के सख्त रवैये को लेकर पुलिस, श्रद्धालुओं और साधुओं के बीच ठन गई थी। बहुत ज्यादा कड़ाई के कारण स्नान के लिए बहुत ही कम लोग आए।