कोल्ड डिंक प्रचार वाहन में सो रहे दो युवकों की मौत,तीसरा बेहोश

0
1393

0 सुबह चालक को हुई घटना की जानकारी
0 महाराष्ट्र की कार्बन टाकीज कंपनी में कार्यरत थे दानों
0 आगरा रैफर किया गया
फिरोजाबाद। कोल्ड डिंक के प्रचार वाहन में सो रहे 3 कर्मचारियों में से दो की सोते समय दम घुटने से मौत हो गई। जबकि एक कर्मचारी को बेहोशी की हालत में यहां के जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय व बाद में आगरा रैफर कर दिया गया। दोनों कर्मचारियों की मौत वाहन में जेनरेटर के चलने से उससे निकली गैस के कारण होना बताया जा रहा है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
महाराष्ट्र की कार्बन टाकीज कंपनी में कार्यरत सतीश (23) पुत्र धर्मवीर निवासी पाली, डूंडराज, मथुरा, विनोद (32) पुत्र उदयप्रसाद निवासी मुंशी पुलिया,इंद्रानगर, लखनऊ तथा मनोज त्यागी (24) पुत्र दयानंद निवासी बिजनौर, नजीबावाद प्रचार वाहन चालक इसराईल पुत्र इब्राहीम निवासी देवबंद, सहारनपुर के साथ एटा आये हुए थे। एटा से ये लोग थाना जसराना के एका पहुंचे थे। वहां से आज शुक्रवार की सुबह 7 बजे शिकोहाबाद के लिए चल दिये थे। तीनों कर्मचारी पीछे की केबिन को अंदर से बंदकर रात्रि में सो गये थे। शिकोहाबाद एटा चैराहा पर पहुंचकर चालक इसराईल ने चाय पीने के लिए तीनों कर्मचारियों को आवाज लगाई। लेकिन कोई भी नहीं उठा। इस पर वह वाहन से उतरा और पीछे जाकर दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने व आवाज लगाने के बाद भी जब कोई नहीं उठा तो चालक को अनहोनी की आशंका हुई। उसने आसपास के लोगों की मदद से दरवाजे की कुंडी तोड़कर खोला। अंदर का दृश्य देखते ही उसके मुंह से चीख निकल गई। तीनों कर्मचारी वाहन के फर्श पर बेसुध पड़े हुए थे। सतीश व विनोद की सांसें थम चुकी थीं जबकि मनोज की सांस चल रही थी। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने वाहन से मृतकों के शवों को बाहर निकलवाने के साथ ही एंबुलेंस 108 से चालक के साथ बेहोश मनोज को यहां के चिकित्सालय भेजा। यहां गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया गया। जहां से उसे आगरा रैफर किया गया।