पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार पर भड़के व्यापारी

0
1466

बस्ती 4 जुलाई (विवेक पाल) बस्ती। नगरपालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं विभिन्न समास्याओं को लेकर व्यापारियों ने रोडवेज स्थित भगत सिंह तिराहे पर प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। बस्ती उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमण्डल के जिलाध्यक्ष आनन्द राजपाल ने कहा कि नगरपालिका प्रशासन सूबे के मुखिया के निर्देश भी नही मान रहा है। इससे व्यापारियों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा जिसमें नगरपालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार की सीबीआई जांच कराने, पालिका अध्यक्ष का वित्तीय अधिकार समाप्त करने, दक्षिण दरवाजा से लेकर करूआ बाबा तक सड़क की मरम्मत, सुर्ती हट्टा व स्टेशन रोड पुरानी बस्ती की सड़क की मरम्मत व जलनिकासी के लिये नाली निर्माण कराने सहित कई अन्य मांगे शामिल हैं। ज्ञापन में रेलवे स्टेशन से लेकर दक्षिण दरवाजा चैराहे तक की सड़क की पूर्व में करायी गयी मरम्मत की जाचं कराने की मांग प्रमुखता से की गयी है।
आपको बता दें कि यह सड़क निर्माण के कुछ ही दिनों बाद टूटकर क्षतिग्रस्त हो गयी थी। जिम्मेदारों पर सवाल उठने स्वाभाविक हैं। नगर मंत्री नन्दकिशोर साहू ने कहा कि पालिका क्षेत्र में कराये गये निर्माण कार्य से सम्बन्धित जानकारी का विवरण एक बोर्ड पर अंकित कर लगावाया जाना चाहिये जिससे आम जनता कार्यदायी संस्था का नाम और कार्य की लागत जान सके। ऐसा करने से विकास कार्यों में पारदर्शिता आयेगी और सम्बन्धित जानकारी के लिये भटकना नही पड़ेगा। व्यापारी नेताओं ने नगरपालिका की नवीन टैक्स पाॅलिसी का विरोध करते हुये इसे तत्काल वापस लेने की माग किया। महामंत्री सूर्यकुमार शुक्ल व सूर्यमोहन सिंह ने शहर में चल रहे मानक विहीन निर्माण कार्यों पर तत्काल रोक लगाते हुये दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग किया।