पिंजौर हैरिटेज उत्स्व का उद्घाटन करेंगे पर्यटन मंत्री शर्मा

0
1569

पिंजौर हैरिटेज उत्स्व का उद्घाटन करेंगे पर्यटन मंत्री शर्मा

चंडीगढ ;आरके शर्मा /करण शर्मा ;26 नवम्बर:— हरियाणा पर्यटन विभाग द्वारा 28 से 29 नवम्बर 2015 को पिंजौर गार्डन में 10वां पिंजौर हैरिटेज उत्सव मनाया जाएगा। यह उत्सव हरियाणा पर्यटन निगम का एक अनूठा प्रयास होगा। इस अवसर पर उत्सव में पिंजौर शहर की प्राचीन धरोहर और संस्कृति व शाही उद्यानों की भव्यता प्रस्तुत की जाएगी।
पर्यटन विभाग की प्रधान सचिव डॉ० सुमिता मिश्रा ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि इस उत्सव का उद्घाटन 28 नवम्बर, 2015 को सायं 5.30 बजे हरियाणा के पर्यटन मन्त्री श्री राम बिलास शर्मा द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर पर्यटन और आतिथ्य विभाग की मुख्य संसदीय सचिव श्रीमती सीमा त्रिखा और कालका की विधायक श्रीमती लतिका शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।
उन्होंने बताया कि हरियाणा के राज्यपाल प्रो० कप्तान सिंह सोलंकी 29 नवम्बर, 2015 को सायं 5ः30 बजे आयोजित किये जाने वाले इस उत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
हरियाणा पर्यटन निगम के प्रबन्ध निदेशक श्री विकास यादव ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि इस पिंजौर हैरिटेज उत्सव में सभी आयु समूह के व्यक्तियों के लिये मनोरंजन का हर साधन उपलब्ध होगा। दिनभर चलने वाले कार्यक्रमों में प्रसिद्ध प्रदर्शकों और लोक कलाकारों द्वारा श्रोताआें का मनोरंजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 28 नवम्बर को सायं 6 बजे से आयोजित किये जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध पंजाबी पॉप और लोक गायक जनाब बरकत अली खान दीवाना द्वारा दिलचस्प प्रस्तुति दी जाएगी। 29 नवम्बर को राजस्थान के प्रसिद्ध सूफी गायक गजी खान बरना सायं 6 बजे उत्सव में आने वाले आगन्तुकों का मनोरंजन करेंगे। गांधीनगर गुजरात से बांसुरी वादक आदित रवि और भरतनाट्यम नृतक करूपा रवि भी अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे।
श्री यादव ने कहा कि उत्सव के दोनों दिन चंडीगढ़ और पंचकूला के स्कूली बच्चों के लिये रंगोली बनाने, लोक नृत्य, चित्रकला और मेहन्दी लगाने सहित अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 28 नवम्बर को बच्चों का फैशन शो और फ्लैश मॉब इस उत्सव को और अधिक मोहक बना देंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र पटियाला के लोक कलाकारों द्वारा जीवंत प्रस्तुती दी जाएगी। इसके अलावा रागनी, भांगड़ा, गिद्दा, बीनवादन, सपेरा, सारंगी, बंचारी, कठपुतली इत्यादि सहित लोक नृत्य समूहों द्वारा आगन्तुकों का मनोरंजन किया जाएगा।
प्रबन्ध निदेशक ने कहा कि हरियाणा पर्यटन ने अपने कॉरर्पोरेट सोशल रिस्पॉस्बिलिटी के दृष्टिगत 28 नवम्बर को विशेष बच्चों के दौरे के लिये प्रबन्ध किये हैं। 29 नवम्बर को प्रातः 11 बजे से वरिष्ठ नागरिकों के लिये एक हैरिटेज वॉक और बैस्ट ड्रैसड कम्पीटीशिन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उन्हें इस उत्सव में निःशुल्क प्रविष्टि और जलपान दिया जाएगा।
श्री यादव ने बताया कि इस उत्सव के दौरान अन्य आकर्षणों में क्राफ्ट बाजार शामिल होगा, जिसमें देशभर से शिल्पकारों द्वारा अनूठे हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट्स की वस्तुआें का प्रदर्शन किया जाएगा। बहु-व्यंजन फूड कोर्ट इस उत्सव का एक अन्य प्रमुख आकर्षण होगा। इस अवसर पर जयपुर की दाल-भाटी चुर्मा, मुगलई कबाब और बिरयानी, गोहाना के प्रसिद्ध जलेब जैसे आकर्षक भोजन की डिश भी प्रस्तुत की जाएगी। इसके अलावा राज्य होटल प्रबन्धन संस्थान, पानीपत और यमुनानगर द्वारा भी भोजन और पेय पदार्थ की बिक्री के लिये स्टॉल लगाए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त हरियाणा रोडवेज थोड़े-थोड़े अन्तराल पर इस उत्सव के लिये चंडीगढ़-पंचकूला-पिंजौर के बीच विशेष बसें चलाएगी। उन्होंने कहा कि इस गार्डन पैलेस का निर्माण 17वीं शताब्दी में सम्राट औरंगजेब के विश्वस्त लैफ्टिनैंट और सौतेले भाई फिदाई खान द्वारा किया गया था। इस उद्यान को सात उतरते स्तरों पर बनाया गया है।