‎ अंडा खाया, पैसा मांगने पर पीटा और फूंक दी दुकान

0
1102

मऊ 29 अक्टूबर (मोहम्मद अरशद) सरायलखंसी थाना क्षेत्र स्थित फातिमा अस्पताल के पास दो दबंग किस्म के युवकों ने अंडे की गुमटी पर अंडा खाया। बिना पैसा दिए ही युवक जाने लगे तो दुकानदार ने विरोध किया। दबंगों ने उसे लात-घूसों से मार कर घायल कर दिया। दुकानदार के रात में गुमटी बंदकर घर जाने के बाद दबंगों ने उसमें आग लगा दी। आग के कारण बगल में खड़े दो ठेला भी जल गए। गुमटी में रखे सिलेंडर में आग लगने के कारण वह फट गया। आवाज़ सुनकर स्थानीय दुकानदार दौड़कर आए देखते ही देखते गुमटी में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। बलिया जनपद के रसड़ा निवासी अशोक कुमार गुप्ता सरायलखंसी थाना क्षेत्र के फतिमा अस्पताल के पीछे चांदमारी इमिलिया में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहता है और उसकी फातिमा अस्पताल के पास गुमटी में अंडा की दुकान है। गुरुवार की सुबह अशोक ने थाने में अज्ञात दबंगों के खिलाफ तहरीर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष सरायलखंसी अरुण कुमार राय का कहना है कि उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है।