लुधियाना / सेंट्रल जेल में पुलिस और कैदियों के बीच हिंसक झड़प, एक कैदी की मौत

0
1720

लुधियाना. लुधियाना सेंट्रल जेल में गुरुवार को कैदियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। इसमें एक कैदी की मौत हो गई। झड़प में एसीपी संदीप वडेरा समेत 17 पुलिसकर्मी और 15 कैदी जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि 10 कैदियों ने जेल तोड़कर भागने की कोशिश की। इसमें से 5 को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि 5 कैदी फरार हो गए।

 

जेल में बुधवार रात एक कैदी की मौत के बाद से विवाद शुरू हुआ। गुरुवार सुबह तक यह विवाद बढ़ गया और कैदियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। कैदियों ने जेल परिसर में खड़ी पुलिस की गाड़ी को भी आग लगा दी। घटना को देखते हुए जेल में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। जेल मंत्री सुखजिंदर रंधावा ने एडीजीपी जेल रोहित चौधरी से पूरे घटनाक्रम की जानकारी मांगी है।

कैदी की मौत के बाद बदले हालात

जानकारी के मुताबिक, यहां बुधवार रात सन्नी नाम के एक कैदी की मौत हो गई। इस बारे में पुलिस सूत्रों की मानें तो सन्नी की तबियत खराब होने की वजह से उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। यहां से उसे पटियाला के रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरी ओर भड़के कैदियों का आरोप है कि सन्नी को पुलिस ने मारा है। रात में जैसी ही सन्नी की मौत का पता चला, जेल में बंद कैदी पुलिस पर हमलावर हो गए।