कांग्रेसी नेताओं के दबाव में सोलन जिला में बन रही फर्जी वोटें-केएल ठाकुर,- भाजपा ने फिर मांगा मुख्यंत्री से इस्तीफा

0
1165

सोलन, 12 दिसंबर। (धर्मपाल ठाकुर) पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बूथ स्तर पर मोरचा बंदी कर दी है। सोलन जिला में भाजपा आगामी तीन दिनों के भीतर जिला परिषद व बीडीसी प्रत्याशियों की सूची जारी कर देगी। करीब 80 फीसदी प्रत्याशियों को फाइनल कर लिया गया है। जिला सोलन में सरकार के दबाव में आकर सैंकड़ों जाली वोटों को बनाया गया है। भाजपा इसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है तथा इसकी जांच की मांग करती है। यह बात भाजपा जिलाध्यक्ष एवं नालागढ़ निर्वाचन क्षेत्र के विधायक केएल ठाकुर ने सोलन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कही।

प्रेसवार्ता के दौरान केएल ठाकुर ने प्रदेश सरकार को कई बार आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह प्रदेश में विकास कार्य करवाने में विफल साबित हो रहे हैं। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों से घिरे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह में यदि जरा भी नैतिकता बची है तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला सोलन में ही नहीं,बल्कि समूचे हिमाचल प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं। प्रदेश कैबिनेट के मंत्री विकास कार्य करवाने की बजाए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को बचाने में जुटे हैं,लेकिन प्रदेश की जनता सरकार की कारगुजारियों को जान चुकी है तथा पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनाव में इसका जवाब देने को तैयार बैठी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष केएल ठाकुर ने कहा है कि वार्डों के परिसिमन में भारी धांधलियां हुई है। भाजपा द्वारा दर्ज की गई आपत्तियों की सुनवाई नहीं हो रही है। सरकार के दबाव में आकर अधिकारी भाजपा बाहुल्य क्षेत्रों में वर्षों पुराने मतदाताओं को वोटर लिस्ट से हटा रही है। उन्होंने  अधिकारियों से आग्रह किया है कि वह सरकार के पिट्टू बनकर कार्य न करें। क्योंकि सरकारें तो आती है और चली जाती है,लेकिन जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना अधिकारियों को नैतिक दायित्व होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नालागढ़ की करसौली व नंगल पंचायत में ऐसा ही मामला सामने आया है कि पति की वोट किसी वार्ड में तो पत्नी की वोट किसी अन्य वार्ड में दर्शाई गई है। यही नहीं,बल्कि जिला में बड़ी तादाद में फर्जी वोटें बनाई जा रही है। सोलन नगर परिषद क्षेत्र में सैंकड़ों जाली वोटों को बनाया गया है। जबकि उपमंडल कंडाघाट क्षेत्र में भी जाली वोटें बनाए जाने की कई शिकायतें उन्हें मिली हैं। इससे स्पष्ट होता है कि प्रदेश में काबिज कांग्रेस पार्टी की सरकार चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग कर रही है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय उच्चमार्ग 21ए नालागढ़-स्वारघाट की हालत दयनीय है। इस सड़क की दुर्दशा में सुधार लाने के लिए धरने व प्रदर्शन तक किए गए हैं,लेकिन परिणाम शून्य है। आज नालागढ़ उपमंडल की करीब सात पंचायतों ने चुनाव का बहिष्कार करने का  जो निर्णय लिया है वह सरकार की विफलता का प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से नालागढ़-स्वारघाट राष्ट्रीय उच्चमार्ग की मुरम्मत के लिए पर्याप्त मात्रा में धन मुहैया करवाया जा चुका है,लेकिन राज्य सरकार सड़क मुरम्मत करवाने में विफल साबित हो रही है। हालांकि प्रेसवार्ता के दौरान जनहित से जुड़े प्रश्रों का जवाब देने में भाजपा नेता बचते दिखाई दिए।

इस मौके पर अर्की विधायक गोबिंद राम शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों से आग्रह किया है कि वह निष्पक्ष चुनाव करवाने में सहयोग दें तथा जहां भी कोई चुक हुई है उसे दुरुस्त करने में रूचि दिखाए। इस मौके पर प्रदेश भाजपा पंचायतीराज प्रकोष्ठ के संयोजक एचएन कश्यप, जिला उपाध्यक्ष पवन गुप्ता, भाजपा महिला मोरचा की राष्ट्रीय सचिव रश्मिधर सूद, प्रदेशाध्यक्ष रीत सेठी,जिला प्रवक्ता राकेश शर्मा, कोषाध्यक्ष अमर सिंह ठाकुर, शैलेंद्र गुप्ता, कुशल जेठी भी उपस्थित रहे।

बॉक्स…..

भाजपा ने डीसी को सौंपा ज्ञापन

पे्रसवार्ता के उपरांत जिलाध्यक्ष केएल ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा ने उपायुक्त सोलन मदन चौहान को पंचायतों तथा नगर परिषदों में सरकार के दबाव में आकर बनाई जा रही जाली वोटों के संदर्भ में एक ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि जाली वोटों को बनाने के लिए कुछ कांग्रेसी नेता जिला प्रशासन पर दबाव बना रहे हैं। भाजपा ने ज्ञापन में साफ लिखा है कि जाली वोटें बनाने का कार्य सोलन शहर,नालागढ़, कसौली व कंडाघाट में किया जा रहा है जिस पर अंकुश लगना अनिवार्य है। साथ ही ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाही अमल में लाई जाए,जो नियमों के विरुद्ध कार्य करने के लिए अधिकारियों पर दबाव बना रहे हैं।