ग्राम पिथनपुरा के ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार

0
1377

सात घंटे तक नहीं पड़ा एक भी वोट, प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कम्प
भाजपा नेता पूर्व मंत्री जयवीर सिंह पहुंचे मौके पर,दिया आश्वासन
दो बजे से शुरू हो सकी वोटिंग, मिली राहत
फिरोजाबाद। अरांव ब्लाॅक के बूथ संख्या 54 पर ग्राम पिथनपुरा में ग्रामीणों ने सुबह मतदान का बहिष्कार कर दिया। जिससे हड़कम्प मच गया। यह बहिष्कार निरंतर जारी रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने कई घंटे समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी हर कोशिश नाकाम रही। बाद में दोपहर करीब दो बजे प्रशासनिक अधिकारियों व मौके पर पहुंचे भाजपा नेता पूर्व मंत्री जयवीर सिंह के समझाने के बाद कहीं हद तक ग्रामीण माने और दो बजकर दस मिनट पर मतदान शुरू हो गया। इस तरह पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में इस बूथ पर सात घंटे मतदान नहीं हुआ।
अरांव ब्लाॅक के बूथ संख्या 54 ग्राम पिथनपुरा के ग्रामीणों ने सुबह से ही मतदान न करने का निर्णय लिया था। जिसके कारण आज सुबह सात बजे उन्होंने मतदान नहीं किया। जिसका कारण बताया गया कि इस ग्राम के वोट यहां से करीब 600 किमीं दूर फतेहपुरा में ट्रांसफर कर दिये गये हैं। जहां ग्रामीण जाने में असमर्थ हैं, इससे नाराज ग्रामीणों ने सुबह मतदान का बहिष्कार कर दिया। जिससे प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कम्प मच गया। प्रशासनिक अधिकारियों में उप जिला निर्वाचन अधिकारी कर्मेंद्र सिंह व एसपी सिटी उदयशंकर सिंह, तहसीलदार शिकोहाबाद रामनारायन वर्मा मौके पर पहुंचे। जिन्होंने ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपने वोट इसी गांव में ट्रांसफर कराने की बात पर डटे रहे। इस तरह जहां मतपेटिकायें खाली रहीं तो वहां बैठे मतदान कार्मिक भी यूं ही हाथ पर हाथ रखे बैठे रहे। इस बात की खबर पर भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री जयवीर सिंह भी मौके पर पहुंच गये। उन्होंने व प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वे मतदान करें। मतदान के बाद उनके वोटों को इसी गांव में ट्रांसफर कर दिया जायेगा, तब कहीं जाकर सात घंटे बाद वोटिंग शुरू हो सकी। वोटिंग शुरू होने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली।