लुधियाना / 3 भाइयों पर 5 महीने पहले किया गया धारदार हथियारों से हमला, अब हुआ केस दर्ज

0
943

लुधियाना. लुधियाना में पुलिस ने जानलेवा हमले के संबंध में केस दर्ज किया है। घटना 5 महीने पुरानी है, जब आधा दर्जन लोगों 3 सगे भाइयों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया था। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पहले दोनों पक्ष के बीच समझौते को लेकर बात चल रही थी। जब समझौता सिरे न चढ़ा तो पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आरोपियों की पहचान गांव जीवनपुर निवासी अमरजीत सिंह, गुरमीत राम, प्रितपाल सिंह, परमजीत, सचिन कुमार और विनोद कुमार के रूप में हुई है। दरअसल, पुलिस को दी शिकायत में इन्हीं के गांव के रहने वाले गुरदीप लाल ने बताया कि 5 सितंबर की रात करीब साढ़े 8 बजे अपने घर में था। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसके भाई मनदीप और संदीप कुमार पर हमला कर दिया। शोर सुनकर जब वह बाहर आया और भाइयों को छुड़ाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उस पर भी तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वह बुरी तरह घायल हो गया। आसपास के लोग जमा होने लगे तो भीड़ को देख आरोपी जान से मारने की धमकियां देते फरार हो गए।

ठीक 5 महीने पुरानी इस शिकायत पर पुलिस ने अब आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस बारे में एएसआई कमलजीत सिंह ने कहा कि पहले दोनों पक्ष के बीच समझौते को लेकर बात चल रही थी, मगर जब समझौता सिरे न चढ़ा तो पुलिस ने केस दर्ज कर दिया। इसी कारण मामला दर्ज करने में इतना समय लगा। आरोपितों की तलाश जारी है।