फिल्टर प्लांट पर करंट से कर्मचारी की मौत प्लांट पर खुले में पड़े हैं बिजली के तार

0
1076

अशोकनगर। नगरपालिका के जल शुद्धिकरण सयंत्र फिल्टर प्लांट पर काम कर रहे कर्मचारी की रविवार की सुबह करंट लग जाने से मौत हो गई। घटना के समय कर्मचारी जल शुद्धिकरण सयंत्र से पानी मेंं घुले हुए कीचड़ को हटा रहा था। इसी दौरान वह बिजली के खुले तारों की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। देखते ही देखते मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब 10 बजे की है। जब कोरी मोहल्ला निवासी राम सिंह पुत्र मोहन लाल कोरी उम्र 40 वर्ष अपनी ड्यूटी के दौरान फिल्टर प्लांट के ऊपरी मंजिल पर अमाही तालाब से आ रहे पानी की कीचड़़ साफ कर रहा था। जबकि ड्यूटी पर मौजूद दो अन्य कर्मचारी नीचे अन्य कार्य में लगे हुए थे। अपने कार्य के दौरान राम सिंह अचानक बिजली के तारों की चपेट में आ गया। उसकी आबाज सुनकर नीचे मौजूद कर्मचारी जगन्नाथ केवट ने जब ऊपर जाकर देखा तो राम सिंह करंट की चपेट में आ चुका था। जगन्नाथ ने जब तक नीचे आकर विद्युत सप्लाई बंद कि तब तक साथी कर्मचारी की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने पर नपाध्यक्ष श्रीमति सुशीला साहु, नपा उपाध्यक्ष डॉ. हरवीर ङ्क्षसह रघुवंशी, सीएमओ पीके सिंह सहित अन्य नपा कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान नपाध्यक्ष ने मृतक कर्मचारी के परिवार के सदस्य को आर्थिक सहायता देने के  साथ-साथ मस्टर पर रखने की बात कही।
पठार मोहल्ला स्थित फिल्टर प्लांट पर हुई कर्मचारी की मौत के बाद कई खामियां देखने को मिली। यहां खुले पड़े बिजली के तारों के बीच कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर काम कर रहे हैं। कर्मचारियों के पास काम के दौरान सुरक्षा साधनों की कमी है। यहां तक कि हाथ-पैर के लिए भी दस्ताने नही हैं। ऐसे में नपा के कर्मचारी जानजोखिम में डालकर यहां काम कर रहे हैं। जबकि कई बार नपाध्यक्ष ने भी यहां का निरीक्षण किया है। लेकिन उन्हें कर्मचारियों की परेशानियां दिखाई नही दीं।
मृतक के परिजनों ने किया हंगामा:
फिल्टर प्लांट पर करंट से हुई राम सिंह की मौत के बाद शव को जिला अस्पताल में ले जाया गया। जहां मृतक के परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। वे नगरपालिका में परिवार के एक सदस्य को पक्की नौकरी पर रखने की मांग कर रहे थे। जबकि मृतक नपा में दैनिक वेतन कर्मचारी के रूप में करीब 5 वर्ष से कार्य कर रहा था। मौके पर पहुंचे नपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सीएमओ की समझाइस पर मृतक के परिजन शांत हुए।